देशबड़ी खबर

नीतीश कुमार ही बनेंगे बिहार के मुख्यमंत्री : कल 10वीं बार लेंगे सीएम पद की शपथ, NDA की बैठक में लगी मोहर

पटना। बिहार में नयी सरकार के गठन की प्रक्रिया में आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सर्वसम्मति से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधायक दल के नेता चुने गए हैं । मुख्यमंत्री श्री कुमार को विधानसभा के केंद्रीय कक्ष में आयोजित राजग के सभी घटक दलों के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इस बैठक में नवनिर्वाचित विधायकों के अलावा राजग के सभी शीर्ष नेता उपस्थित थे।

बैठक में शामिल होने वालों में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतनराम मांझी भी उपस्थित थे। चिराग पासवान ने इस अवसर पर कहा कि हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनावों में राजग की ऐतिहासिक जीत में महिलाओं से मिले समर्थन की सराहना की जानी चाहिए।

उन्होंने राजग को एक बार फिर सेवा करने का अवसर देने के लिए बिहार की जनता को धन्यवाद दिया। श्री मांझी ने कहा कि यह जानकर बहुत खुशी हुई कि लगभग बीस वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद मुख्यमंत्री श्री कुमार के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं थी। उन्होंने कहा कि राजनीति में यह एक दुर्लभ उदाहरण है कि इतने लंबे समय तक सत्ता में रहे किसी नेता के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं थी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजग की बैठक के बाद राजभवन जाकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंपेंगे और नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। वह राजग के सभी घटक दलों से प्राप्त समर्थन पत्र भी राज्यपाल खान को सौंपेंगे। राज्यपाल से आमंत्रण मिलने के बाद मुख्यमंत्री कुमार 20 नवंबर को ऐतिहासिक गांधी मैदान में नवगठित राजग सरकार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी मौजूद रहने की संभावना है। गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में राजग ने 202 सीटें जीती हैं और घटक दलों में भाजपा ने 89 ,जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने 85, लोजपा(आर) ने 19, हम ने 04 और रालोमो ने 04 सीटें जीती हैं। दूसरी ओर, राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन को केवल 35 सीटें ही मिल पाईं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button