उत्तर प्रदेशलखनऊ

मेडिकल कॉलेजों में ICU से लेकर जांच तक की सुविधाएं होंगी मजबूत, उप मुख्यमंत्री ने प्रदान की कॉलेजों के लिए वित्तीय स्वीकृत

प्रदेश के मरीजों को बेहतर और आधुनिक इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों को अपग्रेड करने के लिए विभिन्न कार्यों हेतु वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इससे आईसीयू, इमरजेंसी, जांच और सर्जरी से जुड़ी सुविधाएं और सुदृढ़ होंगी।

उप मुख्यमंत्री ने मंगलवार को बताया कि कुशीनगर के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में 50 आईसीयू बेड खरीदे जाएंगे। इसके लिए 67.29 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही कॉलेज में पठन-पाठन के लिए 720 लेक्चरर टेबल एवं फर्नीचर के लिए 98.92 लाख रुपये तथा फोल्डर बेड के लिए 34.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

साथ ही उन्होंने बताया कि अयोध्या के राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर के लिए 50 लाख रुपये के उपकरण क्रय किए जाएंगे। वहीं मिर्जापुर के मां विंध्यवासिनी मेडिकल कॉलेज में 55.10 लाख रुपये की लागत से दो पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीनें स्थापित की जाएंगी। बाराबंकी जिला चिकित्सालय में भी 8.68 लाख रुपये की अल्ट्रासाउंड मशीन लगाई जाएगी।

फेको मशीन से होंगे आंखों की सर्जरी

ब्रजेश पाठक ने बताया कि मोतियाबिंद के मरीजों के लिए आधुनिक फेको मशीनों की सुविधा भी बढ़ाई जा रही है। अमेठी के गौरीगंज जिला अस्पताल में फेको मशीन एवं हड्डी रोग विभाग के उपकरणों के लिए 31.15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। चित्रकूट जिला संयुक्त चिकित्सालय में भी 19.90 लाख रुपये की लागत से फेको मशीन खरीदी जाएगी।

उन्होंने बताया कि वाराणसी के पंडित दीन दयाल उपाध्याय चिकित्सालय और एसएसपीजी अस्पताल में एक्स-रे, लैप्रोस्कोप सहित आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे, जिससे बिना बड़े चीरे के सर्जरी संभव हो सकेगी। इसके अलावा संभल, जौनपुर और सीतापुर के अस्पतालों को भी उपकरणों के लिए वित्तीय सहायता दी गई है। साथ ही उरई-जालौन के जिला महिला चिकित्सालय की सभी इकाइयों को अपग्रेड करने के लिए 88.80 लाख रुपये जारी किए गए हैं। अयोध्या जिला अस्पताल में बिजली आपूर्ति सुदृढ़ करने के लिए 250 केवीए का जनरेटर लगाया जाएगा।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button