उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

ग्लोबल बिजनेस समिट 2026 में उत्तर प्रदेश का ज़ोरदार प्रदर्शन, प्रदेश निवेश के एक नए ऊर्जा केंद्र के रूप में निखर कर सामने आया।

लखनऊ/नई दिल्ली। नई दिल्ली में आयोजित ग्लोबल बिजनेस समिट 2026 में उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में सामने आया। राज्य की नोडल एजेंसी इन्वेस्ट यूपी ने इस मंच पर प्रदेश के औद्योगिक इकोसिस्टम, नीतिगत सुधारों और मजबूत बुनियादी ढांचे को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, जिससे देश-विदेश के निवेशकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

समिट को संबोधित करते हुए अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी, विशाल उपभोक्ता आधार और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के बल पर उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘ट्रिलियन-डॉलर इकॉनमी’ के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की विकास दर 16 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत से कहीं अधिक है।

दीपक कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास निवेश के लिए ‘इंटेंट और कंटेंट’ दोनों मौजूद हैं। देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 55 प्रतिशत यूपी में है। विमानन क्षेत्र में भी राज्य अग्रणी है, जहां 16 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे संचालित हैं। जेवर में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एशिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों में शामिल होगा।

इसके अलावा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा प्रदेश से होकर गुजरता है, जिससे लॉजिस्टिक्स और व्यापार को गति मिल रही है। उन्होंने यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके छह नोड्स पर रक्षा उत्पादन तेजी से हो रहा है। वर्तमान में देश के करीब 65 प्रतिशत मोबाइल फोन और 55 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स का निर्माण उत्तर प्रदेश में किया जा रहा है।

आईटी, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग और डेयरी जैसे क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। राज्य के पास निवेशकों के लिए करीब 75 हजार एकड़ का लैंड बैंक उपलब्ध है। समिट के दौरान इन्वेस्ट यूपी पवेलियन में दिनभर निवेशकों की आवाजाही रही।

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा शर्मा ने इलेक्ट्रॉनिक्स, ईवी, जीसीसी और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में संभावित निवेश को लेकर कई उच्चस्तरीय बैठकों का नेतृत्व किया। उन्होंने निवेशकों को ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के तहत उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश को दीर्घकालिक निवेश के लिए उपयुक्त गंतव्य बताया।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button