देशबड़ी खबर

दुलार चंद यादव के शव के पोस्टमार्टम की निगरानी के लिए मेडिकल बोर्ड गठित, मोकामा हत्याकांड पर होगा अहम खुलासा

बिहार के पटना जिले के मोकामा इलाके में जन सुराज पार्टी के नेता दुलार चंद यादव की हत्या के एक दिन बाद शुक्रवार को अधिकारियों ने उनके शव के पोस्टमार्टम की निगरानी के लिए एक मेडिकल बोर्ड गठित किया। पटना (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने कहा, ‘एक मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है, जो शुक्रवार को मोकामा स्थित सरकारी अस्पताल में दुलार चंद यादव के शव के पोस्टमार्टम की निगरानी करेगा। शव को अस्पताल ले जाया जा रहा है।’

पोस्टमार्टम के बाद होगा अंतिम संस्कार

सिहाग का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यादव को पैर में गोली लगी थी, लेकिन उनकी मौत वाहन से कुचले जाने के कारण हुई। उन्होंने कहा कि हत्या में शामिल लोगों की तलाश के लिए पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।

गैंगस्टर रह चुके दुलार चंद यादव

घटना मोकामा की है, जहां हाल ही में प्रशांत किशोर की ‘जन सुराज पार्टी’ से जुड़े दुलार चंद यादव की राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों से झड़प हो गई थी। यादव पहले ‘गैंगस्टर’ रह चुके थे। घटना के समय यादव जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के लिए प्रचार कर रहे थे। जब उनका शव मोकामा स्थित उनके पैतृक गांव से अस्पताल ले जाया जा रहा था, तो बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे मौजूद थे।

रिटायर्ट जज से मामले की जांच कराए जाने की मांग

मोकामा से आरजेडी प्रत्याशी वीणा देवी और उनके पति एवं पूर्व विधायक सूरजभान सिंह ने शुक्रवार को यादव के आवास पर जाकर शोक व्यक्त किया। सूरजभान सिंह ने इस घटना की सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा, ‘निर्वाचन आयोग को भी आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई करनी चाहिए।’ पूर्णिया से निर्दलीय लोकसभा सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भी दिन में दिवंगत नेता के परिवार से मुलाकात की। (भाषा के इनपुट के साथ)

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button