उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

25 दिसंबर को लखनऊ में मोदी का मेगा शो: राष्ट्र प्रेरणा स्थल लोकार्पण पर जुटेंगे लाखों लोग, अटल जयंती बनेगी भव्य जनसंपर्क अभियान

लखनऊ : 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। रैली में एक लाख से अधिक लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में एक अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहे।

शाम करीब चार बजे शुरू हुई यह बैठक लगभग डेढ़ घंटे तक चली। तय हुआ कि भाजपा अटल जयंती को केवल श्रद्धांजलि तक सीमित न रखकर, इसे बड़े जनसंपर्क और संगठनात्मक अभियान के रूप में मनाएगी। बैठक को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि अटल जंयती के अगले दिन 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस पर गुरु गोविंद सिंह के चारों साहिबजादों के बलिदान की अमर गाथा को लोकव्यापी बनाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि छोटी सी आयु में धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए दिया गया यह बलिदान अडिग आस्था, साहस और आत्मसम्मान की मिसाल है। नड्डा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि चारों साहिबजादों की प्रेरक गाथा को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाए।

योगी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल को बताया राष्ट्रीय चेतना का केंद्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण लखनऊ और प्रदेश के लिए गौरव का क्षण होगा। उन्होंने कहा कि स्थल पर स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊंची प्रतिमाएं ‘एक देश, एक विधान, एक निशान’, एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों का जीवंत संदेश देंगी।

बूथ स्तर तक अटल जयंती, संगठन को कसने की तैयारी

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रदेश संगठन सभी कार्यक्रमों को सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी बनाने में जुटा है। उन्होंने बताया कि अटल जयंती बूथ स्तर तक मनाई जाएगी। जिलों में प्रदर्शनियां और संगोष्ठियां आयोजित कर अटल जी के ऐतिहासिक निर्णयों, नेतृत्व क्षमता और संघर्षशील व्यक्तित्व को जनमानस तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में पंचायत चुनाव 2026 और विधानसभा चुनाव 2027 की पृष्ठभूमि में संगठनात्मक मजबूती, विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button