देशबड़ी खबर

रॉबर्ट वाड्रा के लिए बुरी खबर : संजय भंडारी ब्लैक मनी मामले में ED ने दाखिल की चार्जशीट, पहली बार बनाया आरोपी

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के पति और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ ब्रिटेन स्थित हथियार कारोबारी संजय भंडारी से जुड़े धन शोधन मामले में आरोप पत्र दाखिल किया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियोजन की शिकायत यहां विशेष धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) अदालत में दायर की गई है।

वाड्रा के खिलाफ धनशोधन के मामले में यह दूसरा आरोप पत्र है। जुलाई में, ईडी ने हरियाणा के शिकोहपुर में एक ज़मीन सौदे में कथित गड़बड़ियों से जुड़े धनशोध मामले में उनके खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था। ईडी भंडारी से जुड़े मामले में 56 साल के वाद्रा से पहले पूछताछ कर चुकी है।

भंडारी के प्रत्यर्पण का आग्रह ब्रिटेन की अदालत ने खारिज कर दिया था। उसे जुलाई में दिल्ली की एक अदालत ने भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया था। दिल्ली में आयकर विभाग के 2016 में 63 वर्षीय भंडारी के यहां छापा मारने के बाद वह लंदन भाग गया था।

ईडी ने फरवरी 2017 में भंडारी और अन्य के खिलाफ पीएमएलए के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया था। यह मामला 2015 के कालाधन रोकथाम कानून के तहत उसके खिलाफ दाखिल आयकर विभाग के आरोप पत्र का संज्ञान लेने के बाद दर्ज किया गया था।

एजेंसी ने उसके मामले में पहले दो आरोप पत्र दायर किए हैं, साथ ही वह लंदन में स्थित एक घर के संबंध में भंडारी के वाद्रा के साथ रिश्तों की भी जांच कर रही है। वाद्रा ने इस बात से इनकार किया है कि लंदन में उनके पास प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से कोई संपत्ति है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button