देशबड़ी खबर

अनंत सिंह को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत, दुलारचंद मर्डर केस में हुई है गिरफ्तारी

पटना: बाहुबली नेता और मोकामा विधानसभा सीट से जनता दल यूनाइडेट के उम्मीदवार अनंत सिंह को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। देर रात उन्हें पुलिस ने दुलारचंद यादव मर्डर केस में गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद अनंत सिंह को पटना के सिविल कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

मेडिकल जांच के बाद हुई पेशी

अनंत सिंह को सिविल कोर्ट से बेऊर जेल ले जाया गया है। इससे पहले अनंत सिंह और अन्य आरोपियों की डीआईयू सेल में मेडिकल जांच हुई। मेडिकल जांच के बाद इन्हें पटना सिविल कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। अदालत ने अनंत सिंह को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

30 अक्टूबर को हुई थी दुलारचंद यादव की हत्या

बता दें कि दुलारचंद यादव की 30 अक्टूबर को पटना के मोकामा क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के लिए प्रचार करते समय आपसी झड़प के दौरान मौत हो गई थी। दुलारचंद के समर्थकों ने अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर हत्या का आरोप लगाया था। घटना भदौर और घोसवारी थानों के पास मोकामा इलाके में हुई थी।

पटना के एसएसपी ने क्या कहा?

पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एस एम के साथ देर रात एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘पुलिस ने दुलार चंद यादव की हत्या के सिलसिले में तीन लोगों – अनंत सिंह, मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को गिरफ्तार किया है।’’ एसएसपी ने बताया कि यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, किसी कठोर और कुंद वस्तु से हृदय और फेफड़ों को चोट पहुंचने के कारण हृदय गति रुकने से यादव की मौत हो गई। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह हत्या का मामला है।’’ शर्मा ने बताया कि जांच में यह भी पता चला है कि घटना के समय तीनों मौजूद थे।

एसएसपी ने कहा, ‘‘ दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में पुलिस की जांच के तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया है। घटना की जांच के लिए पुलिस ने कुल चार प्राथमिकी दर्ज की हैं, जिनमें से एक आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित है।’’ उन्होंने बताया कि अनंत सिंह का नाम एक प्राथमिकी में शामिल है। कई बार विधायक रहे सिंह की पत्नी नीलम देवी फिलहाल मोकामा सीट से विधायक हैं। सिंह पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला भी दर्ज किया गया है क्योंकि उनके बड़े काफिले के साथ घूमने के मामले सामने आए हैं।

अनंत ने सूरजभान पर मढ़ा दोष

दुलारचंद यादव की हत्या के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने अपने समर्थकों और यादव के बीच झड़प की बात स्वीकार की थी, हालांकि उन्होंने ‘अंडरवर्ल्ड’ और स्थानीय राजनीति में अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी सूरजभान पर दोष मढ़ने की कोशिश की थी। सूरजभान की पत्नी वीणा देवी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर इस सीट से चुनाव लड़ रही हैं। इस बीच, निर्वाचन आयोग ने बिहार के मोकामा में चुनाव प्रचार के दौरान हुई हिंसा पर कड़ा रुख अपनाते हुए शनिवार को पटना के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के तबादले और तीन अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई का आदेश दिया। बिहार में छह और 11 नवंबर को दो चरण में मतदान होगा तथा मतगणना 14 नवंबर को होगी।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button