जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कैंट और महराजपुर विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण किया।

कानपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को कानपुर जिले के सभी 3770 मतदान केंद्रों पर बूथ डे आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कैंट और महराजपुर विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के श्री नागर जी विद्यालय इंटर कॉलेज, कृष्णा नगर स्थित बूथ संख्या 87 से 90 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी बीएलओ उपस्थित मिले। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों को सावधानीपूर्वक एवं त्रुटिरहित भरा जाए। साथ ही अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय को फॉर्म-6 की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सुपरवाइजर और बीएलओ प्रत्येक आवेदन की व्यक्तिगत निगरानी करते हुए समयबद्ध प्रक्रिया पूरी करें। इसके बाद डीएम ने महराजपुर विधानसभा क्षेत्र के सेंट मैरी ऑर्थोडॉक्स स्कूल स्थित बूथ संख्या 34, 35 एवं 36 का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि कोई भी नया पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।



