उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

PM मोदी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का किया लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर लखनऊ में एक भव्य समारोह में गुरुवार को ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का लोकार्पण किया और परिसर में स्थापित तीन महान विभूतियों की प्रतिमाओं का अनावरण किया।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गयीं हैं। प्रधानमंत्री ने तीनों प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण कर प्रेरणा स्थल को राष्ट्र को समर्पित किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मौजूद थे।

श्री वाजपेयी की जयंती पर आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। अधिकारियों के अनुसार प्रेरणा स्थल करीब 230 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है और यह 65 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। यह परिसर राष्ट्र सेवा, नेतृत्व मूल्यों, सांस्कृतिक चेतना और जन प्रेरणा को बढ़ावा देने वाली एक स्थायी राष्ट्रीय धरोहर के रूप में विकसित किया गया है।

परिसर की प्रमुख विशेषता डॉ. मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्री वाजपेयी की 65 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं हैं। परिसर में लगभग 98 हजार वर्ग फुट क्षेत्रफल में फैला कमल के आकार का अत्याधुनिक संग्रहालय भी स्थापित किया गया है। यह संग्रहालय उन्नत डिजिटल तकनीकों के माध्यम से देश की राष्ट्रीय यात्रा और नेतृत्व की विरासत को प्रदर्शित करता है, जिससे आगंतुकों को एक संवादात्मक और शैक्षणिक अनुभव प्राप्त होगा।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button