उत्तर प्रदेशबाराबंकीलखनऊ

यूपी के बाराबंकी में टला बड़ा हादसा : लोको पायलट के इमरजेंसी ब्रेक ने बचायी यात्रियों की जान, रेलिंग तोड़कर पटरी पर जा गिरा डंपर

बाराबंकी। रामनगर-फतेहपुर मार्ग पर बुधवार रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बुढ़वल जंक्शन के पास स्थित पुल पर तेज रफ्तार में आ रहा लोडेड डंफर अचानक अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरा। हादसे में डंफर का चालक केबिन में बुरी तरह फँस गया।

उसी समय अमृतसर से सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12204) अगानपुर के पास पहुंची ही थी कि दूसरे ट्रैक पर गिरे डंफर से टकराए बिजली के तार टूट गए और ट्रेन अचानक रुक गई। गनीमत रही कि डंफर सीधे ट्रेन पर नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि ओवर ब्रिज की रेलिंग के पत्थर ट्रेन की बोगियों पर जाकर गिरे, जिससे कुछ बोगियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

सूचना मिलते ही रेलवे विभाग, रामनगर पुलिस, फायर ब्रिगेड और आसपास के थानों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। लेकिन पुल के नीचे आवश्यक संसाधन न होने और हाइड्रोलिक बोल्ट कटर उपलब्ध न होने से रेस्क्यू कार्य में भारी दिक्कतें आईं। पुलिस और फायर टीमों ने काफी प्रयास किए, फिर भी ड्राइवर को बाहर निकालने में दो घंटे से अधिक समय लग गया। ड्राइवर को गंभीर हालत में स्थानीय सीएससी पर भेजा गया।

ट्रेन भी दो घंटे से अधिक समय तक रुकी रही, जिससे यात्रियों में भारी आक्रोश दिखा। चौका घाट और बिंदौरा रेलवे स्टेशन पर भी कई गाड़ियां रोकी गईं। यात्रियों ने रेलवे की आपातकालीन व्यवस्था को पूरी तरह फेल बताते हुए गंभीर सवाल खड़े किए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे, लेकिन सीमित संसाधनों के चलते रेस्क्यू में और देर होती रही। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस बल राहत-बचाव कार्य में जुटा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बिजली का तार या डंपर ट्रेन पर गिर जाता तो बड़ी त्रासदी हो सकती थी।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button