देशबड़ी खबर

Bihar Assembly Election Result 2025: 27-95 वोटों की जंग ने रचा इतिहास! कुछ सीटों पर दिखा तगड़ा उलटफेर, तो कहीं सपने हुए पानी-पानी

बिहारः बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने जबरदस्त प्रदर्शन कर पूरे देश को चौंका दिया है। कुल 243 सीटों वाली इस सभा में बीजेपी ने 89 सीटें हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी का तमगा अपने नाम पर बरकरार रखा, जबकि नीतीश कुमार की जेडीयू को 85 सीटें नसीब हुईं। दूसरी ओर, तेजस्वी यादव की अगुवाई वाले आरजेडी-कांग्रेस वाले महागठबंधन को महज 35 सीटें ही मिल सकीं, जो बहुमत के आंकड़े से कोसों दूर रही। कई उम्मीदवारों ने भारी मतों से बाजी मारी, तो कुछ जगहों पर मामूली अंतर ने जीत-हार का फैसला किया, जिससे सत्ता के दावेदारों के इरादे चूर-चूर हो गए।

27 वोटों का चमत्कार- संदेश में जेडीयू की सांसें थम गईं

सबसे रोमांचक मुकाबला संदेश विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिला, जहां जेडीयू के रामचरण साह ने महज 27 वोटों की कड़ी टक्कर के बाद जीत का स्वाद चखा। उन्हें 80,598 मत प्राप्त हुए, जबकि आरजेडी के दीपू सिंह को 80,571 वोट मिले। यहां प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने महज 6,040 वोटों से खेल बिगाड़ दिया, जो वोटों के बंटवारे का बड़ा कारण बनी।

वामपंथी किले में 95 वोटों की सनसनी

अगिआंव सीट, जो लंबे समय से वामपंथियों का गढ़ रही, इस बार बीजेपी के महेश पासवान के नाम हुई। पासवान ने 69,412 वोट बटोरकर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के शिव प्रकाश रंजन को सिर्फ 95 वोटों से मात दी, जिन्हें 69,317 मत मिले। यह जीत ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी।

AIMIM को झटका, एलजेपी की संगीता ने 389 वोटों से साधा बलरामपुर

बलरामपुर में एलजेपी (रामविलास) की संगीता देवी ने 80,459 वोटों के साथ एआईएमआईएम के मोहम्मद आदिल हुसैन को 389 वोटों के फासले से पछाड़ दिया। इस जीत ने एआईएमआईएम की एक और सीट पाने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसी तरह, बख्तियारपुर से एलजेपी के अरुण कुमार ने 88,520 वोट हासिल कर आरजेडी के अनिरुद्ध कुमार को 981 वोटों से हराया, जिन्हें 87,539 मत मिले।

बोधगया में आरजेडी की 881 वोटों से वापसी

बोधगया सीट पर आरजेडी के कुमार सर्वजीत ने 1,00,236 वोटों के दम पर एलजेपी (रामविलास) के श्यामदेव पासवान को 881 वोटों से धूल चटा दी। पासवान को 99,355 वोट मिले थे। चनपटिया में कांग्रेस के अभिषेक रंजन ने 87,538 मतों से बीजेपी के उमाकांत सिंह को 602 वोटों के अंतर से नकारा, जिनके खाते में 86,936 वोट आए।

ढाका और फारबिसगंज में RJD-Congress कीयादगार जीत

ढाका क्षेत्र में आरजेडी के फैसल रहमान ने 1,12,727 वोट जुटाकर बीजेपी के पवन कुमार जैसवाल को 178 वोटों से पीछे छोड़ा, जिन्हें 1,12,549 मत मिले। फारबिसगंज से कांग्रेस के मनोज विश्वास ने 221 वोटों की कांटे की टक्कर में बीजेपी के विद्या सागर केशरी को हराया। विश्वास को कुल वोटों में बढ़त रही, जबकि केशरी को 1,19,893 मत हासिल हुए।

ये नजदीकी नतीजे न सिर्फ उम्मीदवारों की किस्मत बदले, बल्कि बिहार की सियासत में नई बहस छेड़ दी कि आखिर इतने कम वोटों ने कैसे पूरे समीकरण उलट-पुलट कर दिए। एनडीए की प्रचंड जीत के बीच ये कहानियां साबित करती हैं कि लोकतंत्र में हर वोट की कीमत अनमोल है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button